कांडी(गढ़वा):सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पर्यटन स्थल विकास समिति के सक्रिय एवं समर्पित सदस्य निरंजन सिंह के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। शनिवार को सीएमसी हॉस्पिटल, वेल्लोर में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों में गहरा दुख व्याप्त हो गया।निरंजन सिंह सतबहिनी झरना को धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के अभियान से शुरुआत से जुड़े रहे। समिति के हर छोटे-बड़े आयोजन में उनकी सक्रिय भूमिका रहती थी। किसी भी आवश्यकता की वस्तु कम समय में उपलब्ध कराने की उनकी कार्यशैली के कारण वे सभी के लिए भरोसे का नाम बन चुके थे। करीब चार वर्ष पूर्व पैर में गंभीर संक्रमण के कारण उनका लंबा इलाज वेल्लोर में चला, जहां परिवार के प्रयास से उनका पैर बच गया। इसके बाद भी वे वॉकर के सहारे समिति के कार्यक्रमों में नियमित रूप से भाग लेते रहे। हाल ही में पेट में संक्रमण की शिकायत के बाद उन्हें पुनः वेल्लोर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। समिति के अध्यक्ष सह विधायक नरेश प्रसाद सिंह, संत हरिदास जी महाराज, सचिव पं. मुरलीधर मिश्र सहित सभी पदाधिकारियों व सदस्यों ने उनके निधन को समिति की अपूरणीय क्षति बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उनका पार्थिव शरीर विमान से रांची लाए जाने के बाद सड़क मार्ग से उनके पैतृक आवास पहुंचाया जाएगा।

