गढ़वा :सोन परियोजना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न इलाकों का दौरा करने सोमवार को काराकाट सांसद राजाराम सिंह कुशवाहा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने परियोजना से प्रभावित होने वाले ग्रामीणों और विस्थापित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उचित मुआवजे सहित अन्य मांगों को लेकर हरसंभव पहल का भरोसा दिलाया।सांसद के साथ किसान महासभा के राष्ट्रीय नेता सह अरवल के पूर्व विधायक महानंद सिंह, डुमरांव के पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुशवाहा, आरजेडी नेता आमोद चंद्रवंशी और रामाधार सिंह भी मौजूद रहे।ग्रामीणों ने सोन परियोजना से प्रभावित होने वाले घर, जमीन, कृषि भूमि, जंगल क्षेत्र और विस्थापन से जुड़ी समस्याओं को सांसद के समक्ष रखा। ग्रामीणों का कहना है कि परियोजना के कारण बड़ी संख्या में परिवारों के सामने भविष्य और पुनर्वास को लेकर चिंता बनी हुई है।
सांसद राजाराम सिंह ने कहा कि सोन परियोजना से प्रभावित परिवारों को उनका उचित और न्यायसंगत मुआवजा मिलना चाहिए।उन्होंने ये भी कहा कि यहां आने के बाद पता चला की हजारों लोगों जो परदादा के समय से यहां गुजर-बसर कर रहे हैं अभी तक वैसे लोगों को किसी प्रकार की कोई कागजात नहीं दी गई, वैसे लोगों को मुवाबजे समय भारी कठिनाई होगी, जिसके लिए लड़ाई लड़नी पड़ेगी, विस्थापितों की जनसमस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा और इन मुद्दों को लोकसभा में मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं के नाम पर प्रभावित होने वाले गरीब, किसान और विस्थापित परिवारों के अधिकारों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। उनका प्रयास रहेगा कि प्रभावित लोगों की आवाज सरकार तक पहुंचे और उन्हें न्याय मिले।दौरे के दौरान सैकडो ग्रामीणों ने सांसद को अपनी समस्याओं से संबंधित जानकारी दी और परियोजना से जुड़े मामलों में उचित पहल की मांग की।

