केतार(गढ़वा):प्रखंड के बलिगढ़ पंचायत अंतर्गत दासीपुर गांव में यौन शोषण की घटना के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।केतार थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपी भास्कर विश्वकर्मा पिता सुबोध विश्वकर्मा को नगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दासीपुर गांव निवासी 18 वर्षीय पीड़िता राधिका कुमारी काल्पनिक नाम ने केतार थाना में आवेदन देकर गांव के ही भास्कर विश्वकर्मा पर यौन शोषण करने गंभीर आरोप लगाया था। पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी ने त्वरित कार्रवाई की और कांड संख्या 32/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था और पुलिस लगातार उसकी धर-पकड़ में जुटी थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र से आरोपी भास्कर विश्वकर्मा को दबोच लिया। सोमवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया,जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।इस संबंध में केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी ने बताया कि यौन शोषण जैसे संवेदन शील मामलों में पुलिस पूरी तरह सतर्क है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है।

