
सगमा (गढ़वा): सगमा प्रखंड के मकरी गांव स्थित बहेरवा खड़ी टोला को आजादी के सात दशक बाद भी मुख्य सड़क से जोड़ने वाला मार्ग नहीं मिल पाया था। सड़क के अभाव में यहां के ग्रामीणों को शादी-विवाह, बीमारी तथा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। खासकर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भारी कठिनाई होती थी। ग्रामीणों ने कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से सड़क निर्माण की मांग की, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली।
अंततः ग्रामीणों ने बीरबल पंचायत के मुखिया इंद्रजीत कुशवाहा से संपर्क कर अपनी समस्या बताई। मुखिया ने स्थल का निरीक्षण करने के बाद सड़क निर्माण में सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने अपने निजी खर्च पर जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर उपलब्ध कराने की बात कही। वहीं ग्रामीणों ने भी श्रमदान करने का संकल्प लिया।
बुधवार को जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर की सहायता से सड़क निर्माण कार्य शुरू किया गया। सड़क निर्माण की खबर मिलते ही दर्जनों ग्रामीण कुदाल और अन्य उपकरण लेकर श्रमदान में जुट गए। ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास और मुखिया के सहयोग से मात्र एक दिन में लगभग एक किलोमीटर सड़क का निर्माण पूरा कर लिया गया। सड़क निर्माण के दौरान कुछ निजी जमीनें भी मार्ग की जद में आ रही थीं। इस संबंध में पूर्व जिला परिषद सदस्य नंदगोपाल यादव ने ग्रामीणों से सड़क निर्माण के लिए भूमि दान करने की अपील की। उनकी अपील पर ग्रामीणों ने सहमति जताते हुए स्वेच्छा से अपनी जमीन सड़क के लिए छोड़ दी।
सड़क निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामीणों ने मुखिया इंद्रजीत कुशवाहा एवं पूर्व जिप सदस्य नंदगोपाल यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि मुखिया ने निजी संसाधन उपलब्ध कराकर बड़ी मदद की है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियां भी इस योगदान को याद रखेंगी। श्रमदान करने वालों में मनोज कुमार, सुधीर कुमार यादव, जयप्रकाश यादव, आनंद पांडेय, संतोष पांडेय, राजेंद्र पाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल थे।

