हरिहरपुर(गढ़वा):हरिहरपुर ओपी क्षेत्र अंतर्गत मझिगावां गांव निवासी एवं सहायक अध्यापक अमरेश कुमार चौबे (50 वर्ष), पिता स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद चौबे का सोमवार की शाम वाराणसी में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र सहित शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार अमरेश कुमार चौबे पिछले कुछ दिनों से किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित थे। उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित हेरिटेज मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां बीते दस दिनों से उनका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान रविवार को उनकी स्थिति अचानक गंभीर हो गई, जिसके बाद चिकित्सकों ने उन्हें वेंटिलेटर पर रखा। चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद सोमवार शाम उन्होंने अंतिम सांस ली। मंगलवार की अहले सुबह वाराणसी के पावन मणिकर्णिका घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। उन्हें मुखाग्नि उनके इकलौते 11 वर्षीय पुत्र नैतिक कुमार चौबे ने दी। पिता को अंतिम विदाई देते उस मासूम बेटे का दृश्य देखकर वहां उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं। अमरेश कुमार चौबे 16 जून 2008 से कांडी प्रखंड अंतर्गत राजा घटहुआं मध्य विद्यालय में सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। अपने सरल स्वभाव, अनुशासन और शिक्षा के प्रति समर्पण के कारण वे विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं सहकर्मियों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उनके असामयिक निधन से शिक्षा विभाग, विद्यालय परिवार तथा गांव के लोगों में गहरा शोक व्याप्त है। वे अपने पीछे पत्नी, 11 वर्षीय पुत्र एवं 8 वर्षीय पुत्री को छोड़ गए हैं। क्षेत्र के लोगों ने उनकी आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में दुःख सहन करने की प्रार्थना की है।

