सगमा(गढ़वा): धुरकी थाना क्षेत्र के पुत्तुर गांव के हरैया टोला निवासी दिनेश बैठा की दुधारू गाय की मंगलवार को वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनेश बैठा (पिता- बाबूलाल बैठा) की गाय गांव के समीप चर रही थी। इसी दौरान मंगलवार अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश के साथ मेघ गर्जन होने लगी। इसी बीच वज्रपात की चपेट में आने से गाय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में शोक का माहौल है। परिजनों ने बताया कि मृत गाय की कीमत लगभग 20 हजार रुपये थी। गाय की मौत से परिवार को आर्थिक रूप से भारी क्षति पहुंची है। पीड़ित किसान ने प्रशासन से मुआवजा देने की मांग करते हुए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है, ताकि हुए नुकसान की भरपाई हो सके।

