
धुरकी(गढ़वा):धुरकी थाना क्षेत्र के भंडार गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. घर के समीप स्थित कुएं से उसका शव बरामद होने के बाद परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.मृतका की पहचान भंडार गांव निवासी नंदलाल साह की पत्नी शांति देवी के रूप में हुई है.घटना के सूचना पर धुरकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में ले लिया.इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया गया.मृतका के गले में रस्सी का निशान के साथ शरीर के जगहों पर चोट का निशान पाया गया है. इसके अलावा शरीर के विभिन्न हिस्सों पर चोट के निशान भी दिखाई दिए हैं.ऐसे में परिजन इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला बता रहे हैं.
14 मार्च को हुई थी धूमधाम से शादी परिजनों ने बताया कि शांति देवी के पिता का निधन दो वर्ष पहले हो चुका था.इसके बाद उसके पालन-पोषण और शादी की जिम्मेदारी उसके चाचा नारायण साह ने निभाई.नारायण साह ने अपनी पुत्री की तरह शांति की परवरिश की थी और इसी वर्ष 14 मार्च को भंडार गांव निवासी नंदलाल साह के साथ उसकी शादी पूरे रीति-रिवाज और धूमधाम से कराई थी.शादी में अपनी सामर्थ्य के अनुसार सभी आवश्यक सामान और उपहार भी दिए गए थे.लेकिन विवाह के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग किए जाने की बात सामने आने लगी.परिजनों का आरोप है कि शांति को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था.पांच लाख रुपये और बोलेरो की मांग का आरोप पांच लाख रुपये और बोलेरो की मांग की जा रही थी.मांग पूरी नहीं होने पर शांति के साथ मारपीट की जाती थी और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था.उन्होंने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उनकी भतीजी की हत्या कर दी गई तथा साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को कुएं में फेंक दिया गया.आवेदन में मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है.
घटना के बाद घर छोड़कर फरार हुए परिजन
पुलिस के अनुसार घटना के बाद ससुराल पक्ष सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए हैं.इससे संदेह और गहरा गया है.पुलिस फरार लोगों की तलाश में जुटी हुई है.गांव में घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
धुरकी पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.मृतका के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है.जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष का रो-रोकर बुरा हाल है.परिजनों का कहना है कि जिस बेटी की शादी महज ढाई महीने पहले खुशी और उत्साह के साथ की गई थी, आज उसकी मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. ग्रामीणों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है.

