श्री बंशीधर नगर थाने की पुलिस ने गतदिनों थाना क्षेत्र के जंगीपुर में हुये गोली कांड का खुलासा कर लिया है। पुलिस ने घटना में शामिल सकेंद्र उरांव नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा एवं एक खोखा भी बरामद किया है। गिरफ्तार युवक गढ़वा थाना क्षेत्र के गुरदी गांव का रहने वाला है। यह जानकारी एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने दी।
वे बुधवार को कार्यालय कक्ष में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया में साली का फोटो वायरल करने को लेकर उत्पन्न विवाद में घटना को अंजाम दिया गया था। एसडीपीओ ने बताया कि गत 27 मई की रात में श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के जंगीपुर में अज्ञात अपराधियों के द्वारा गोली मारकर गोविंद उरांव नामक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया गया था। घटना के बाद 28 मई को गोविंद उरांव के फर्द बयान पर श्री बंशीधर नगर थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
एसपी के निर्देश पर हमारे नेतृत्व में विशेष टीम गठित किया गया था। जिसमें पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कुमार आजाद, थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार, पुअनि संदीप कुमार, जितेंद्र कुमार, अमित प्रशांत एवं पुलिस के जवान शामिल थे। टीम ने तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर सकेन्द्र उरांव (26 वर्ष) को श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किये गये देशी कट्टा और एक खाली खोखा बरामद किया है।
उन्होंने बताया कि जांच में यह बात सामने आई कि आरोपी ने अपनी साली की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी थी। इस बात का गोविंद उरांव ने विरोध किया था और उसे ऐसा करने से मना किया था। इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच विवाद और तनाव बढ़ गया था। इसी रंजिश में आरोपी ने बारात के दौरान गोविंद उरांव को गोली मार दी। एसडीपीओ ने बताया कि इस घटना में एक अन्य व्यक्ति की भी संलिप्तता सामने आई है।उसकी पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिये लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। प्रेसवार्ता में एसडीपीओ के साथ पुलिस इंस्पेक्टर जितेन्द्र कुमार आजाद, थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार आदि मौजूद थे।

