केतार(गढ़वा):केतार अंचल कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार और लापरवाही का खामियाजा अब आम जनता विशेषकर बुजुर्गों को भुगतना पड़ रहा है। केतार की प्रमुख चंद्रावती देवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ के माध्यम से मुख्यमंत्री को टैग करते हुए अंचल कार्यालय में म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) के नाम पर हो रहे उत्पीड़न का बड़ा खुलासा किया है।
क्या है पूरा मामला:- प्रमुख चंद्रावती देवी ने आरोप लगाया है कि केतार अंचल में म्यूटेशन वाद संख्या 193, 194, 195, 196 एवं 197/2025-26 पिछले ढाई महीने से फाइलों में धूल फांक रहे हैं। आवेदकों द्वारा बार-बार मांगे गए सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के बावजूद,अंचल कर्मियों द्वारा एक ही तरह की आपत्ति लगाकर मामले को लटकाया जा रहा है।
बुजुर्ग आवेदकों का दर्द :- सोशल मीडिया पर साझा की गई व्यथा के अनुसार संबंधित आवेदक बुजुर्ग और अस्वस्थ हैं। इसके बावजूद उन्हें बार-बार अंचल कार्यालय का चक्कर लगाने के लिए मजबूर किया जा रहा है। प्रमुख ने इसे घोर संवेदनहीनता करार देते हुए कहा है कि गरीब और असहाय लोगों को न्याय के लिए परेशान करना अंचल प्रशासन की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।

