केतार(गढ़वा):केतार थाना क्षेत्र के खैरवा गांव के पास वर्ष 2021 में फाइनेंस कर्मी से हुई लूटकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब पांच वर्षों से फरार चल रहे आरोपी अमरजीत कुमार चौधरी को पुलिस ने बिहार के रोहतास जिले से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। जानकारी के अनुसार, दिनांक 12 फरवरी 2021 को दोपहर के समय दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर एक फाइनेंस कर्मी से मोटरसाइकिल एवं मोबाइल फोन लूट लिया था। इस संबंध में पीड़ित के बयान पर केतार थाना में कांड संख्या-11/21 दर्ज किया गया था।
मामले के अनुसंधान एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अमरजीत कुमार चौधरी की संलिप्तता सामने आई थी। घटना के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था।
इसी बीच 28 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली कि फरार आरोपी किसी निजी कार्य से अपने गांव आया हुआ है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री बंशीधर नगर, सत्येंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम में पुलिस निरीक्षक भवनाथपुर अंचल गुलाब सिंह, केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे। पुलिस टीम ने रोहतास (बिहार) स्थित आरोपी के घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

