
गढ़वा जिले के धुरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत रक्सी गांव में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को निजी वाहन से अस्पताल भेजा गया। बताया गया कि एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ के गाजर गांव निवासी साधु यादव का पुत्र पवन यादव एक महिला और दो छोटे बच्चों के साथ झुनका गांव अपने फूफा उगन यादव के यहां शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान गलत दिशा से आ रही दूसरी बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। दूसरी बाइक रक्सी गांव निवासी रमेश बेदिया के पुत्र शेखर चला रहा था। घटना के बाद लोगों ने 108 एंबुलेंस पर फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर थाना ले गई।

