बंशीधर नगर : श्री बंशीधर नगर पंचायत की पूर्व अध्यक्ष विजयालक्ष्मी देवी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से महिलाएं केवल नीति की लाभार्थी नहीं रहेंगी, बल्कि विकास नीति के निर्माण में नारी शक्ति की भूमिका अत्यंत निर्णायक होगी। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक कानून लोकतंत्र को अधिक सशक्त और समावेशी बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल है।लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिये 33% आरक्षण सुनिश्चित होने से आधी आबादी की आवाज नीति-निर्धारण में सीधे तौर पर शामिल होगी।विजयालक्ष्मी ने कहा की देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिये पहले भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाये गये हैं, जैसे उज्ज्वला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महिला स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा, नारी शक्ति वंदन अधिनियम उसी कड़ी में एक मील का पत्थर है।उन्होंने पूरे भारत सहित झारखंड की महिलाओं से आह्वान किया कि इस अवसर का लाभ उठाकर राजनीति और विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि विकसित भारत के संकल्प में नारी शक्ति का योगदान सुनिश्चित हो सके।

