कांडी(गढ़वा):स्थानीय जमा दो उच्च विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक विरंजन झा ने एक हेड असिस्टेंट टीचर के विरुद्ध कर्तव्य हीनता, अनुशासनहीनता एवं स्वेच्छाचारिता का आरोप लगाते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी को पत्र लिखा है। प्रधानाध्यापक के पत्रांक 78 दिनांक 25 मार्च 2025 के अनुसार कहा गया है कि शिक्षक विद्यालयर विश्वास रेखांकन एवं गैर शैक्षणिक कार्य के लिए मौखिक या लिखित निर्देश देने के बाद भी उसे पूरा नहीं करते। रूटीन में इन्हें 12वीं कक्षा का गणित पढ़ाना था, लेकिन उन्होंने कभी नहीं पढ़ाया। किसी अन्य शिक्षक से कार्यालय कार्य लिया जाता है तो यह बहस करते हैं। स्वयं तो करते नहीं, दूसरे शिक्षक से भी उलझ जाते हैं। छात्रोपस्थिति पंजी यह छात्रों को दे देते हैं, जो आपस में छीना-झपटी करने लगते हैं। एचएम ने कहा है कि विद्यालय के मोबाइल के स्टेटस में केवल स्कूल की बच्चियों का फोटो लगा है, जिसे लेकर अभिभावकों ने मुझे शिकायत की है। इस बाबत मौखिक एवं लिखित पूछे जाने पर वे आपत्तिजनक हो गए। ऊंचे आवाज में दुर्व्यवहार करने लगे। 2025 की जैक बोर्ड परीक्षा को लेकर डीईओ ने एग्जाम रद्द होने की अफवाह फैलाने पर सख्त रोक लगाई थी, लेकिन फिर भी इन्होंने परीक्षा रद्द होने की अफवाह फैला दी। इनके विरुद्ध बच्चियों को अपने निजी आवास में बुलाकर अपना जन्मदिन मनाने का भी आरोप है। स्कूल की साथ ही बोर्ड परीक्षा के दौरान 14 फरवरी 2026 को दो बच्चियों की परीक्षा में यह शिक्षक बतौर वीक्षक ड्यूटी कर रहे थे। सीसीटीवी पर इन्हें चीटिंग करते देखा गया। इसके बाद सेंटर मजिस्ट्रेट व वीक्षक द्वारा कार्यालय कार्य कर रहे शिक्षक धारा सिंह मीणा को उस स्मार्ट क्लास में भेजा गया, लेकिन यह शिक्षक मीणा से ही उलझ गए और उन्हें बाहर निकालने लगे। मजिस्ट्रेट ने समझा बुझाकर मामला शांत कराया।आरोपी शिक्षक विश्वास राय से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह सारा आरोप निराधार है, मनगढ़ंत है। उन्हें बच्चों से एवं बच्चों के भविष्य से प्यार है। वे ऑपरेशन की स्थिति में भूखे पेट भी बच्चों को पढ़ाते हैं। जहां तक जन्मदिन मनाने के लिए बच्चियों को बुलाने की बात है तो उन्होंने किसी को नहीं बुलाया। बच्चियां अन्य सभी शिक्षकों एवं प्रभारी एचएम को आमंत्रित करते हुए मेरे जन्मदिन मनाने का कार्यक्रम बनाया था। कहा कि प्रोजेक्ट कन्वर्ज में विद्यालय में शिक्षकों एवं बच्चों का जन्मदिन मनाने का प्रावधान किया गया है। खुद उस दिन पूरे स्कूल के बच्चों और शिक्षकों के बीच चॉकलेट बांटा गया था। बच्चियां 4 बजे दिन में उनके आवास को सजाकर जन्मदिन मनाने आई थीं।
क्या कहते हैं डीईओ :
इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी केशर रजा ने कहा कि इस मामले की जांच सक्षम पदाधिकारी को दी गई है। जिसकी जांच रिपोर्ट अभी तक नहीं आया है।

