
सगमा (गढ़वा)। सगमा प्रखंड के बीरबल गांव निवासी झारखंड पुलिस में कार्यरत हवलदार प्रसिद्ध नाथ प्रजापति ने अपने बड़े पुत्र चंदन प्रजापति की शादी को खास और यादगार बनाने के लिए अनोखी पहल की। उन्होंने शादी के शुभ अवसर पर असहाय और दिव्यांग लोगों को आमंत्रित कर उनका सम्मान किया तथा उनके बीच वस्त्र वितरण कर आशीर्वाद प्राप्त किया।इस अवसर पर प्रसिद्ध नाथ प्रजापति ने लगभग एक सौ एक जरूरतमंद लोगों के बीच साड़ी और कंबल का वितरण किया। कार्यक्रम के दौरान सभी जरूरतमंदों को पहले स्वादिष्ट भोजन कराया गया। हवलदार प्रसिद्ध नाथ प्रजापति ने अपनी पत्नी के साथ स्वयं लोगों को भोजन परोसा और उनसे अपने पुत्र के सुखी वैवाहिक जीवन के लिए आशीर्वाद लिया। इस पहल से उपस्थित लोगों के चेहरे पर खुशी झलक उठी।इस मौके पर उन्होंने कहा कि सामान्यतः शादी-विवाह में लोग अपने रिश्तेदारों और परिचितों को आमंत्रित कर भोजन कराते हैं, लेकिन समाज में ऐसे कई असहाय और दिव्यांग लोग भी हैं जिनकी ओर अक्सर किसी का ध्यान नहीं जाता।
उन्होंने बताया कि भगवान भोलेनाथ की प्रेरणा से उन्होंने जरूरतमंदों को भोजन कराने और वस्त्र देने का निर्णय लिया।उन्होंने कहा कि आज उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है कि समाज में रहने वाले जरूरतमंद और दिव्यांग ही सच्चे भगवान का रूप होते हैं। इस कार्यक्रम को देखकर उन्हें अपार खुशी मिल रही है, जिसे शब्दों में बयां करना कठिन है।अपने पुत्र की शादी में इस प्रकार का सामाजिक आयोजन कर प्रसिद्ध नाथ प्रजापति ने क्षेत्र में एक मिसाल कायम की है। इस पहल की क्षेत्र में काफी सराहना हो रही है और लोग इसे प्रेरणादायक कदम बता रहे हैं।

