डंडई(गढ़वा):प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय लवाहीकलां में 9वीं कक्षा के परीक्षा केंद्र पर एक बार फिर माहौल गरमा गया है। पहले दिन अभिभावकों के साथ धक्का-मुक्की की खबर अखबार में छपने के बाद शनिवार को परीक्षा के दौरान शिक्षक मलय सिंह पर कई परीक्षार्थियों को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगा है। परीक्षार्थियों का कहना है कि शिक्षक ने परीक्षा के बीच में ही अपना संतुलन खो दिया और छात्रों को कड़े लहजे में डांट-फटकार लगाते हुए सीट पर खड़ा होने का आदेश दिया। इससे कुछ देर के लिए परीक्षा का माहौल भी बिगड़ गया और बच्चों की परीक्षा पर असर पड़ा। छात्र-छात्राओं का आरोप है कि शिक्षक ने उनसे सादे कागज पर रोल नंबर और स्कूल कोड लिखवाकर हस्ताक्षर करवा लिया। बच्चों का कहना है कि हम लोग डर के मारे हस्ताक्षर कर दिए, विरोध करने की हिम्मत नहीं हुई। अब हम सबको डर सता रहा है कि कहीं इसका गलत इस्तेमाल कर हमारा परीक्षा परिणाम खराब न कर दिया जाए। परीक्षार्थियों ने यह भी आरोप लगाया कि परीक्षा कक्ष में शिक्षक मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहे थे और अपने चहेते कुछ छात्रों को मदद भी कर रहे थे। इस घटना के बाद कई छात्र-छात्राएं काफी भयभीत और तनाव में हैं। इधर आरोपों पर सफाई देते हुए शिक्षक मलय सिंह ने कहा कि उन्होंने किसी भी छात्र से सादे कागज पर हस्ताक्षर नहीं कराया है। उनके अनुसार सिर्फ अटेंडेंस शीट पर ही साइन कराया गया है, बाकी सभी आरोप निराधार हैं। वहीं स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक अमिताभ कुमार ने भी कहा कि किसी शिक्षक द्वारा सादे कागज पर हस्ताक्षर कराने की कोई जानकारी उन्हें नहीं है। यदि कोई छात्र शिकायत कर रहा है तो इसकी जांच कराई जाएगी, लेकिन फिलहाल आरोप बेबुनियाद प्रतीत होते हैं।

