मझिआंव थाना परिसर से होली और रमजान पर्व को लेकर शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च थाना परिसर से शुरू होकर चंद्री, लोहरपुरवा बस स्टैंड, मुख्य बाजार, राधा कृष्ण मंदिर होते हुए ब्लॉक रोड के रास्ते पुनः थाना परिसर में आकर समाप्त हुआ।फ्लैग मार्च का नेतृत्व पुलिस इंस्पेक्टर बृज कुमार ने किया। इस दौरान थाना प्रभारी ओमप्रकाश टोप्पो सहित थाना के सशस्त्र बल के जवान भी मौजूद रहे। मार्च के दौरान पुलिस बल ने लोगों से अपील की कि वे होली और रमजान जैसे पावन पर्व को आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का विश्वास जगाना और दोनों समुदायों के बीच आपसी सद्भाव को मजबूत करना था। प्रशासन ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील की है, ताकि क्षेत्र में शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहे।

