हाथरस: उत्तर प्रदेश के हाथरस से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। आरोप है कि शादी के महज तीन दिन बाद एक नवविवाहिता ने अपने ही ससुराल को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवर और नकदी समेट ली और फरार हो गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है।
जानकारी के अनुसार, चंदपा कोतवाली क्षेत्र के गांव परसारा निवासी मोनिका की शादी 21 फरवरी को सदर कोतवाली क्षेत्र के नाई का नगला नई बस्ती निवासी सुनील कुमार से धूमधाम के साथ हुई थी। 22 फरवरी को दुल्हन विधिवत विदा होकर ससुराल पहुंची। परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि हालात इतनी जल्दी बदल जाएंगे।
परिजनों का आरोप है कि सुहागरात की पहली ही रात मोनिका ने अपने पति सुनील पर चाकू से हमला कर दिया और उसे पास न आने की धमकी दी। अचानक हुए इस घटनाक्रम से दूल्हा घबरा गया और अलग बिस्तर पर सो गया। अगले दिन उसने अपने परिजनों को पूरी बात बताई। घर में समझाने-बुझाने का प्रयास हुआ, लेकिन स्थिति सामान्य नहीं हो सकी।
आरोप है कि 25 फरवरी की शाम दुल्हन ने पूरे परिवार के लिए खाना बनाया और बड़े प्यार से सभी को खिलाया। खाना खाने के कुछ ही देर बाद परिवार के सदस्य अचेत होने लगे। इसी दौरान दुल्हन घर में रखे करीब 10 लाख रुपये के सोने के जेवर, 4 से 5 लाख रुपये की चांदी और 18 हजार रुपये नकद समेटकर फरार हो गई।
सुबह जब सुनील की आंख खुली तो दुल्हन गायब थी और घर का मुख्य गेट खुला मिला। पीड़ित परिवार का आरोप है कि मोनिका अपने रिश्ते के चाचा सुग्रीव के साथ नया आशियाना बसाने के लिए भागी है। सूचना मिलते ही पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में ‘लुटेरी दुल्हन’ की चर्चा जोरों पर

