
सगमा (गढ़वा) : धुरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत सगमा प्रखंड के शारदा गांव में वन विभाग ने अवैध लकड़ी कटाई के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल की झाड़ियों में छुपाकर रखी गई हरी लकड़ियों को जब्त किया है। यह कार्रवाई शुक्रवार को वन विभाग को मिली गुप्त सूचना के आधार पर रेंजर प्रमोद कुमार यादव के निर्देश पर गठित वन टीम द्वारा की गई।वन रक्षी शशिकांत कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि शारदा गांव के समीप जंगल क्षेत्र में अवैध रूप से हरे पेड़ों की कटाई कर लकड़ियों को झाड़ियों में छुपाकर रखा गया था। छापेमारी के दौरान खैर, सिद्धा, बेल, धौरा, करासन, रोहिणा सहित कुल 16 प्रजातियों की लकड़ी बरामद की गई। जब्त की गई लकड़ियों की संख्या 16 पीस बताई गई है, जिनकी लंबाई लगभग 10 फीट और मोटाई करीब 1 फीट है।
वन विभाग की टीम ने मौके पर ही सभी लकड़ियों को जब्त कर पिकअप वाहन के माध्यम से बंशीधर नगर वन कार्यालय लाया। वन अधिकारियों के अनुसार यह लकड़ी हाल ही में काटी गई थी और जंगल में छुपाकर रखी गई थी, जिससे अवैध तस्करी की आशंका जताई जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है ।
इस संबंध में रेंजर प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि सगमा प्रखंड के शारदा गांव में दो नामजद लोगों द्वारा अवैध रूप से पेड़ों की कटाई कर लकड़ियों को जंगल में छुपाया गया था। दोनों आरोपियों के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल में वन रक्षी निरंजन कुमार एवं मारियानू कश्यप भी मौके पर मौजूद थे।

