डंडई(गढ़वा):डंडई थाना क्षेत्र के तसरार गांव स्थित जमुआ बांध पर सोमवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ पाया गया। मृतक की पहचान पंचायत के महुदंड गांव निवासी बुटाई भुईयां के 30 वर्षीय पुत्र रमेश भुईयां के रूप में की गई है। युवक की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार रविवार की देर रात रमेश भुईयां का अपने घर में किसी घरेलू बात को लेकर परिवार के सदस्यों के साथ विवाद हो गया था। इसके बाद वह घर से निकल गया। सोमवार की सुबह स्थानीय ग्रामीण जब जमुआ बांध की ओर गए, तो उन्होंने एक पेड़ से युवक का शव लटकता हुआ देखा। शव देखे जाने के बाद यह खबर गांव में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीणों के बीच मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। कुछ लोगों का मानना है कि युवक ने घरेलू विवाद के बाद आत्महत्या की है, जबकि कई ग्रामीणों का कहना है कि परिस्थितियां कुछ और ही इशारा कर रही हैं और यह मामला हत्या का भी हो सकता है। शव की स्थिति को लेकर लोग सवाल उठा रहे हैं, जिससे घटना और भी रहस्यमय बन गई है।इधर घटना की सूचना मिलते ही डंडई थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया और कागजी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी अनिमेष शांतिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस आत्महत्या और हत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।

