डंडई प्रखंड क्षेत्र में अवैध बालू ढुलाई के खिलाफ प्रशासन ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बालू लदे दो टिप्पर वाहनों को जब्त किया है। इस कार्रवाई के बाद बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, डंडई प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों अवैध बालू का कारोबार धड़ल्ले से संचालित हो रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि रात्रि के समय धुरकी प्रखंड क्षेत्र स्थित कनहर नदी से अवैध रूप से बालू का उत्खनन कर ट्रैक्टर एवं टिप्पर वाहनों के माध्यम से बालू भंडार गाँव होते हुए पनघटवा-बैरियादामर मुख्य मार्ग के रास्ते डंडई क्षेत्र में लाया जाता है। इसके बाद ऊंचे दामों पर बालू की बिक्री की जाती है। ग्रामीणों के मुताबिक, रात के समय प्रतिदिन करीब 10 से 15 टिप्पर वाहन तथा बिना नंबर प्लेट के दर्जनों ट्रैक्टर इस अवैध कारोबार में लगे रहते हैं। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद बुधवार अहले सुबह डंडई अंचलाधिकारी जयशंकर पाठक ने क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान डंडई थाना क्षेत्र के सोनेहरा गांव के समीप बालू लदे दो टिप्पर वाहनों को जब्त किया गया। बताया जाता है कि दोनों वाहन धुरकी की ओर से बालू लेकर सोनेहरा पहुंचे थे, तभी अंचलाधिकारी की नजर उन पर पड़ी और तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त कर लिया गया। जब्त वाहनों की पंजीकरण संख्या जेएच-14एल-0783 एवं जेएच-01टीसी-2406 है। दो वाहनों के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। प्रशासन की इस कार्रवाई को क्षेत्र में चल रहे अवैध खनन और ढुलाई के विरुद्ध सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। मामले को लेकर अंचलाधिकारी जयशंकर पाठक ने बताया कि जिला उपायुक्त के निर्देश पर अवैध बालू ढुलाई के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया था, जिसके तहत दो वाहन पकड़े गए हैं। उन्होंने कहा कि मामले में विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है तथा अवैध बालू कारोबार में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। आगे भी नियमित रूप से अभियान जारी रहेगा। वहीं, थाना प्रभारी अनिमेष शांतिकारी ने बताया कि बालू लदे दो टिप्पर वाहनों को बरामद कर थाना के संरक्षण में रखा गया है तथा आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

