
धुरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत धुरकी–सगमा मुख्य मार्ग पर सगमा गैस गोदाम के समीप मंगलवार की मध्य रात्रि एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित होकर एक टीपर वाहन पलट गया, जिसमें वाहन पर सवार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान धुरकी के सरईदाहा टोला निवासी तस्लीम अंसारी (उम्र लगभग 18 वर्ष), पिता हज़रत अंसारी के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि टीपर वाहन तेज रफ्तार में था, इसी दौरान धुरकी–सगमा मुख्य मार्ग पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और टीपर पलट गया। हादसे में चालक तस्लीम अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला गया, और श्री बंशीधर नगर के अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया।इलाज के दौरान चालक की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही धुरकी थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंची।वहीं पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टीपर वाहन को जब्त कर थाने ले आई है।थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार और वाहन का संतुलन बिगड़ना हादसे का कारण माना जा रहा है। इधर मृतक के परिजनों के द्वारा कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गया है, आवेदन मिलने पर अग्रिम करवाई की जायेगी
इधर, मृतक तस्लीम अंसारी की असमय मौत से उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कम उम्र में घर के सहारे की मौत से परिवार गहरे सदमे में है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।

