मझिआंव(गढ़वा):थाना क्षेत्र अंतर्गत अलग-अलग चार प्रतिष्ठानों में विगत एक पखवारे के भीतर हुई चोरी की घटनाओं का मझिआंव थाना पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इन घटनाओं को लेकर संबंधित भुक्तभोगियों द्वारा मझिआंव थाना में अलग-अलग प्राथमिकियां दर्ज कराई गई थीं, जिनमें नगद राशि सहित इलेक्ट्रॉनिक एवं अन्य कीमती सामानों की चोरी की बात सामने आई थी।
इसी क्रम में मझिआंव थाना के द्वारा प्रेस वार्ता आयोजित की गई जिसमें पुलिस निरीक्षक ब्रिज कुमार ने बताया कि
दिनांक 28.12.2025 को वादी मोदस्सर खान द्वारा मध्य विद्यालय मझिआंव में अज्ञात चोरों द्वारा घुसकर 01 यूपीएस, 01 प्रिंटर तथा 01 बैटरी चोरी करने के आरोप में मझिआंव थाना कांड संख्या-151/2025, धारा-305 बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
तो वहीं 31.12.2025 को वादी मनोज कुमार दुबे, ग्राम चंद्री, थाना मझिआंव, जिला गढ़वा द्वारा उनकी किराना दुकान गायत्री जनरल स्टोर में अज्ञात चोरों द्वारा घुसकर किराना सामान, कॉस्मेटिक तेल, परफ्यूम सेट, इलायची, चॉकलेट, मसाला, काजू सहित लगभग 30,000 रुपये मूल्य का सामान एवं दुकान में लगे सीसीटीवी का डीवीआर चोरी करने के संबंध में मझिआंव थाना कांड संख्या-152/2025 दर्ज कराया गया।
वहीं इसके बाद 01.01.2026 को वादी सत्येंद्र नाथ पाण्डेय द्वारा चन्द्रवंशी पेट्रोल पंप के पास स्थित उनके सीमेंट एवं छड़ की दुकान में अज्ञात चोरों द्वारा घुसकर 5,00,000 रुपये नगद, चांदी का सिक्का तथा सीसीटीवी का डीवीआर चोरी करने के आरोप में मझिआंव थाना कांड संख्या-001/2026, धारा-331(4)/305 बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के उद्भेदन हेतु पुलिस अधीक्षक गढ़वा के निर्देशानुसार नीरज कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गढ़वा के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया, जिसमें बृज कुमार, पुलिस निरीक्षक मझिआंव अंचल एवं ओमप्रकाश टोप्पो, थाना प्रभारी मझिआंव सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी व कर्मियों को शामिल किया गया था
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपने नेटवर्क के माध्यम से जांच करते हुए थाना क्षेत्र के लोहरपुरावा गांव के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में कुंदन कुमार चौधरी (उम्र 19 वर्ष, पिता स्वर्गीय संजय), आशीष कुमार सुमा (उम्र 19 वर्ष, पिता रमेश) तथा हिमाकुमार (पिता रमेश) शामिल हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। अन्य अभियुक्तों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के निशानदेही मझिआंव एवम बकोइया के सिवाना कोयल नदी के किनारे खेत से चोरी का सामान बरामद किया गया, जिसमें ब्रदर कंपनी का प्रिंटर (SR No-E78346M2N245541), न्यूमेरिक कंपनी का यूपीएस (SR No-N83322205501154), तीन मॉनिटर, ईआर कंपनी का दो मॉनिटर स्टैंड, एसर कंपनी के तीन थिन क्लाइंट, तीन की-बोर्ड, दो माउस, एक्साइड कंपनी की काले रंग की बैटरी, डीसी केबल, वीजीए केबल, पावर केबल, नेटवर्क केबल तथा एक डीवीआर शामिल है।
छापामारी दल में नीरज कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गढ़वा; बृज कुमार, पुलिस निरीक्षक, मझिआंव अंचल; ओम प्रकाश टोप्पो, थाना प्रभारी मझिआंव; चंदन प्रधान, संजय मुंडा, धर्मेंद्र कुमार सिंह, आलोक कुमार, रणवीर प्रसाद, कन्हैया यादव, मिथलेश कुमार तिवारी, उपेन्द्र मांझी, धनेश्वर उरांव एवं हदीस अंसारी शामिल थे।

