कांडी(गढ़वा):धार्मिक आस्था और उत्साह के वातावरण में बाबा बर्फानी यात्रा कंपनी द्वारा संचालित तीर्थयात्रा बस शुक्रवार को कांडी थाना स्थित देवी धाम के पास से पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध गंगा सागर मेले के लिए रवाना हुई। इस अवसर पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। बस यात्रा को यादगार बनाने के लिए मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रत्याशी रजनीस सरंजन दुबे उर्फ विकास दुबे एवं थाना प्रभारी अशफाक आलम अपने पूरे दलबल के साथ उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर तीर्थयात्रियों से भरी बस को रवाना किया और श्रद्धालुओं को मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। बस के सामने लगे बैनर पर प्रसिद्ध उक्ति “सारे तीरथ बार-बार, गंगा सागर एक बार” अंकित थी, जो गंगा सागर यात्रा के धार्मिक महत्व को दर्शाती है। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर आयोजित होने वाला गंगा सागर मेला कुंभ के बाद हिंदुओं का दूसरा सबसे बड़ा धार्मिक समागम माना जाता है। इस दौरान लाखों श्रद्धालु गंगा नदी और बंगाल की खाड़ी के पवित्र संगम तट पर स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित करते हैं। यह तीर्थयात्रा केवल गंगा सागर तक सीमित नहीं है, बल्कि एक व्यापक धार्मिक भ्रमण कार्यक्रम के तहत श्रद्धालुओं को राजगीर, बैजनाथ धाम, बासुकीनाथ, तारकेश्वर नाथ, कलकत्ता, भुवनेश्वर लिंगराज मंदिर, कोणार्क, जगन्नाथ पुरी, साक्षी गोपाल, धवलगिरी, उदयगिरी, खंडगिरी, नंदनकानन, रजरप्पा, बापी सहित कई प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का दर्शन कराया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी संगठित यात्राएं न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करती हैं, बल्कि आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक एकता को भी बढ़ावा देती हैं।

