कांडी(गढ़वा):प्रखंड मुख्यालय स्थित कांडी प्रखंड कार्यालय परिसर में शुक्रवार को एक विशाल स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। सिविल सर्जन-सह-मुख्य चिकित्सा अधिकारी, गढ़वा के दिशा-निर्देश पर आयोजित इस मेले का उद्देश्य ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा। सुबह से ही मेले में पंजीकरण के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। डॉ. मंजय कुमार एवं आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. शब्द प्रकाश सिन्हा के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने मरीजों की जांच की। दंत रोगों की जांच विकास राम द्वारा की गई, वहीं टीबी जांच की जिम्मेदारी कन्हैया कुमार ने संभाली। कुपोषण से संबंधित परामर्श एमटीसी काउंसलर चंदा कुमारी द्वारा दिया गया। मेले में टीकाकरण, प्रसव पूर्व जांच एवं परिवार नियोजन के लिए अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे। योग शिक्षक दीपक कुमार मिश्रा एवं गुप्तेश्वर मिश्र ने लोगों को स्वस्थ जीवन के लिए योग एवं व्यायाम के महत्व की जानकारी दी। मेले के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राकेश सहाय ने स्वास्थ्य सहियाओं को निर्देश देते हुए कहा कि क्षेत्र के गरीब एवं असहाय गंभीर रोगियों को सरकार द्वारा 2000 से 15,000 रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाती है। उन्होंने सहियाओं से ऐसे मरीजों की पहचान कर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कराने एवं उन्हें सरकारी लाभ दिलाने को कहा। कार्यक्रम के सफल संचालन की निगरानी बीडीएम सुचित कुमार सिंह द्वारा की गई। कार्यालय के निर्देशानुसार सभी कर्मी निर्धारित ड्रेस कोड में सेवाएं देते नजर आए। कार्यक्रम की पूर्व सूचना मंझिआंव, बरडीहा एवं कांडी के प्रखंड विकास अधिकारियों को दी गई थी, जिससे बेहतर प्रशासनिक समन्वय सुनिश्चित हुआ। स्थानीय ग्रामीणों ने गांव स्तर पर ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की सुविधा मिलने पर संतोष व्यक्त किया। मेले के आयोजन में सीएचओ योगेश सैनी, ओम प्रकाश कुमार, एएनएम सोनी, गीता कुमारी, अशोक कुमार, कन्हैया कुमार, सुजीत कुमार सहित कांडी क्लस्टर की सभी सहियाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम समाप्ति के बाद सभी कर्मियों को अपनी रिपोर्ट ब्लॉक डेटा मैनेजर शिव कुमार को सौंपने का निर्देश दिया गया।

