विशुनपुरा मुख्यालय अपर बाजार स्थित शुभ लक्ष्मी वस्त्रालय सह मुन्ना ज्वेलर्स में हुई करीब 50 लाख रुपये की सनसनीखेज चोरी के बाद विशुनपुरा में प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। घटना ने जहां व्यवसायियों में दहशत फैला दी, वहीं जनप्रतिनिधियों और पुलिस प्रशासन को भी तुरंत मोर्चा संभालना पड़ा।शनिवार को स्थानीय विधायक अनंत प्रताप देव स्वयं विशुनपुरा पहुंचे और पीड़ित दुकानदार से मिलकर घटना की विस्तृत जानकारी ली। विधायक की पहल पर पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने खुद घटनास्थल का निरीक्षण किया और चोरी से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच की।
थाना परिसर में विशेष बैठक, सुरक्षा को लेकर मंथन
घटनास्थल निरीक्षण के बाद विशुनपुरा थाना परिसर में व्यवसायियों के साथ एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाजार की सुरक्षा व्यवस्था, रात्रि गश्ती, तकनीकी निगरानी और अपराध नियंत्रण को लेकर गंभीर चर्चा हुई।
बाजार को बनाया जाएगा सुरक्षित : विधायक।
विधायक अनंत प्रताप देव ने स्पष्ट कहा कि जल्द ही बाजार क्षेत्र को स्ट्रीट लाइट और सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जाएगा। उन्होंने व्यवसायियों से कहा कि सुरक्षा से जुड़ी किसी भी समस्या को लेकर वे लिखित आवेदन दें, जिस पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
विधायक ने कहा कि विशुनपुरा लंबे समय तक नक्सल प्रभावित रहा है। नक्सल समस्या समाप्त होने के बाद अब अपराधियों की नजर बाजार पर है, जिसे किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा।
निर्भय होकर व्यापार करें : एसपी।
पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने व्यवसायियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि वे बिना भय के अपना व्यवसाय करें। उनकी सुरक्षा पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
एसपी ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर व्यवसायियों को हथियार लाइसेंस भी उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही थाना प्रभारी राहुल सिंह को बाजार और आसपास के गली-मुहल्लों में रात्रि गश्ती बढ़ाने का सख्त निर्देश दिया गया।
एसपी ने दुकानदारों को सुरक्षा के लिए अहम सुझाव भी दिए।
दुकान के आगे व पीछे सीसीटीवी कैमरे लगाएंरात में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था रखेंआभूषणों के लिए मजबूत और उच्च गुणवत्ता वाली तिजोरी का उपयोग करें
सीसीटीवी का डीवीआर सुरक्षित स्थान पर रखें। दहशत में व्यवसायी, जल्द खुलासे की मांग।व्यवसायी संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने कहा कि चोरी की घटना के बाद बाजार में भय का माहौल है और दुकानदार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द चोरी का उद्भेदन करने की मांग की।
पीड़ित परिवार गहरे सदमे में
पीड़ित दुकानदार विनोद प्रसाद उर्फ मुन्ना गुप्ता ने कहा कि इस घटना ने पूरे परिवार को तोड़ कर रख दिया है।
उन्होंने कहा, जिंदगी भर की कमाई एक ही रात में लुट गई। प्रशासन से गुहार है कि जल्द चोरों को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद किया जाए।
प्राथमिकी दर्ज, जांच तेज
पीड़ित दुकानदार द्वारा विशुनपुरा थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्राथमिकी में करीब 40 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के जेवरात एवं नकद चोरी होने की बात कही गई है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।ये रहे मौजूदइस दौरान झामुम प्रखंड अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह,संजय गुप्ता, गौरीशंकर गुप्ता, कृष्ण विश्वकर्मा, मुरली गुप्ता, माणिक गुप्ता, गौरव प्रताप देव, बालकृष्ण सिंह मानिक सिंह सहित कई व्यवसायी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

