श्री बंशीधर नगर:स्थानीय बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने शिक्षकगणों के साथ नगर उंटारी थाना का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस अवसर पर थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने सभी छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए उन्हें पठन सामग्री का वितरण किया।
भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं ने पुलिस व्यवस्था से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। जैसे एफआईआर क्या होती है और कैसे दर्ज की जाती है, ओपन जेल क्या होता है, पुलिस की विभिन्न रैंक और उनकी पहचान क्या है, एनकाउंटर क्या होता है और क्यों किया जाता है, फांसी की सजा कब और क्यों दी जाती है तथा इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर की भूमिका क्या होती है।
इसके साथ ही थाना प्रभारी ने डायल 112 और साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन 1930 की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस से सहयोग हेतु 112 पर तुरंत कॉल करें तथा साइबर अपराध की स्थिति में बिना देर किए 1930 पर सूचना दें। मोबाइल गुम होने की स्थिति में CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई। उन्होंने साइबर फ्रॉड से बचाव, बाल विवाह पर रोक, ट्रैफिक नियमों के पालन की भी सलाह दी।
कार्यक्रम में मानवाधिकारों से संबंधित आम नागरिकों के मूल अधिकार—जीवन, स्वतंत्रता, समानता और सम्मान—के महत्व को समझाया गया, जो भारतीय संविधान के मौलिक अधिकारों में निहित हैं। साथ ही महिला सुरक्षा, बाल विवाह, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, मद्य निषेध, डायन-बिसाही सहित समाज में व्याप्त अन्य कुरीतियों के विषय में जानकारी देकर छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया। सभी छात्रों को निर्भीक होकर अपनी समस्या अपने शिक्षक एवं अपने माता पिता के समक्ष रखने का निर्देश देते हुए।अंत में थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि मनुष्य जीवन में पढ़ाई से आसान कोई अन्य काम नहीं है, क्योंकि पढ़ाई ही ऐसा कार्य है जिसे बिना खून-पसीना बहाए किया जा सकता है।

