हरिहरपुर:ओपी क्षेत्र अंतर्गत बत्तोखुर्द गांव निवासी शिवम कुमार गुप्ता (11 वर्ष), पिता बिमलेश कुमार गुप्ता का असाध्य बीमारी के कारण शुक्रवार की रात्रि अपने पैतृक आवास पर असामयिक निधन हो गया। शिवम उत्क्रमित मध्य विद्यालय बत्तोखुर्द में कक्षा पाँच का छात्र था। शनिवार की सुबह जैसे ही शिवम के निधन की सूचना गांव में फैली, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पास-पड़ोस के लोग इस दुखद समाचार से मर्माहत नजर आए। परिजनों के अनुसार शिवम कुछ दिनों से हृदय रोग से पीड़ित था, जिसका इलाज भेलोर के एक अस्पताल में चल रहा था। सीमित आर्थिक स्थिति के बावजूद परिजनों ने खेत की जमीन बेचकर उसका इलाज कराया, लेकिन उपचार के बावजूद उसकी हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका और अंततः उसने दम तोड़ दिया। शिवम के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस दुखद घटना से आहत उत्क्रमित मध्य विद्यालय बत्तोखुर्द में शनिवार को शोक सभा का आयोजन किया गया, जहां शिक्षकों एवं छात्रों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। विद्यालय के प्रधानाध्यापक कमलाकांत पाठक ने बताया कि शिवम एक मृदभाषी, अनुशासित एवं प्रतिभावान छात्र था। वह पढ़ाई में अच्छा था और सहपाठियों के बीच बेहद लोकप्रिय था। शिवम का अंतिम संस्कार सोन नदी के तट पर किया गया।

