विशुनपुरा(गढ़वा): प्रखंड क्षेत्र में अवैध बालू खनन के खिलाफ प्रशासन ने निर्णायक कार्रवाई करते हुए बालू माफियाओं को कड़ा संदेश दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर अंचल अधिकारी (सीओ) खगेश कुमार ने छापेमारी कर अवैध बालू लदा एक लाल रंग का ट्रैक्टर पकड़ लिया। जब्त वाहन को तत्काल विशुनपुरा थाना के हवाले कर दिया गया है।जानकारी के अनुसार, जिला खनन विभाग के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर के जरिए अवैध रूप से बालू की ढुलाई की जा रही थी। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
रात के अंधेरे में चलता था खेल
क्षेत्र में लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि नदी घाटों से रात के अंधेरे में दर्जनों ट्रेक्टर अवैध बालू का उठाव कर ट्रैक्टरों से विभिन्न स्थानों पर सप्लाई की जा रही है। इससे सरकार को राजस्व का नुकसान तो हो ही रहा था, साथ ही पर्यावरण पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा था।
सरगनाओं पर भी होगी कार्रवाई
सीओ खगेश कुमार ने स्पष्ट कहा कि केवल वाहन जब्ती तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इस अवैध कारोबार से जुड़े मुख्य सरगनाओं की पहचान कर उनके खिलाफ भी कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
अभियान रहेगा जारी
प्रशासन ने साफ संकेत दे दिया है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ यह अभियान लगातार चलता रहेगा। किसी भी परिस्थिति में अवैध बालू कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।इस सख्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कारोबारियों के बीच खलबली मची हुई है और प्रशासन की सक्रियता चर्चा का विषय बनी हुई है।

