इद्रीश अंसारी की रिपोर्ट
बंशीधर नगर :- स्थानीय विधायक अनंत प्रताप देव ने शनिवार को प्लस टू उच्च विद्यालय परिसर स्थित हरिजन छात्रावास के जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास नारियल फोड़कर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर किया। लगभग 24 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस योजना से वर्षों से जर्जर अवस्था में पड़े छात्रावास को नया रूप मिलेगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि छात्रावास की खराब स्थिति के कारण यहां रहने वाले विद्यार्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब इसके जीर्णोद्धार से छात्रों को सुरक्षित और बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्य अब तेजी से धरातल पर उतर रहे हैं। हेमंत सरकार दलित, वंचित एवं समाज के अन्य कमजोर वर्गों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।विधायक ने कहा कि शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के तहत चल रही योजनाओं को समय पर पूरा कराना उनकी प्राथमिकता है, ताकि क्षेत्र के युवाओं को बेहतर वातावरण मिल सके। शिलान्यास समारोह के दौरान प्रखंड स्तरीय पंचायत सहायक संघ के प्रतिनिधि मंडल ने विधायक को अपनी पांच सूत्री मांग पत्र भी सौंपा और समाधान की उम्मीद जताई। कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय कार्य समिति सदस्य ताहिर अंसारी, जिला उपाध्यक्ष मुक्तेश्वर पांडेय, नगर पंचायत के निवर्तमान उपाध्यक्ष लता देवी, शहरी प्रखंड अध्यक्ष अजय प्रसाद, कमलेश मेहता, रजनीकांत मधुर, तस्लीम खान, किरण देवी, बैरंग खान, राजनाथ राम सहित स्थानीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

