रंका(गढ़वा):अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस के अवसर पर बुधवार को गढ़वा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में रंका अनुमंडल मुख्यालय स्थित परियोजना कन्या उवि में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें विद्यालय के छात्राओं को मानवाधिकार, संवैधानिक मौलिक अधिकार, कर्तव्य एवं कानूनी सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रंका पुलिस निरीक्षक अभिजीत गौतम मिश्रा ने कहा कि प्रत्येक मनुष्य को सामाजिक, राजनैतिक, आर्थिक, धार्मिक सहित अन्य क्षेत्रों में समान अधिकार प्राप्त है। उन्होंने कहा कि कानूनी सहायता प्रशासनिक अधिकारी एवं पीएलवी दल सुदूरवर्ती क्षेत्रों में जाकर लोगों को मानवाधिकार के प्रति जागरूक करने का कार्य निरंतर कर रहे हैं। इनमें रंका के पीएलवी का कार्य सराहनीय है।थाना प्रभारी रवि कुमार केशरी ने कहा कि 10 दिसंबर 1948 को संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा विश्व मानवाधिकार दिवस मनाने की घोषणा की गई थी। जिसका उद्देश्य लोगों को मानवाधिकारों के प्रति जागरूक करना था। उन्होंने जाति, धर्म, भाषा, लिंग, क्षेत्रीयता एवं सामाजिक भेदभाव को समाप्त करना था। इस कार्यक्रम का संचालन कर रहे मानपुर पंचायत के पीएलवी अमरेन्द्र कुमार के द्वारा सभी छात्राओं एवं प्रतिभागियों को मानवाधिकार संरक्षण के लिए सामूहिक शपथ दिलाई गई वहीं प्रधानाध्यापक सुधीर कुमार रजक के द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया। इस मौके पर रंका पुलिस निरीक्षक अभिजीत गौतम मिश्रा, थाना प्रभारी रवि कुमार केशरी, रंका पीएलवी कैमुद्दीन अंसारी, पीएलवी राजेश कुमार चौधरी, महेंद्र ठाकुर , शिक्षक सत्येन्द्र रजक, सुरेन्द्र कुमार, दिलीप कुमार, प्रधानाध्यापक सुधीर कुमार रजक सहित काफी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं।

