सगमा(गढ़वा):पांच दिनों के भीतर एक ही परिवार के दो सदस्यों की हृदय गति रुकने से हुई मौत ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। बिलासपुर बाजार निवासी सह व्यापारी सैलेंद्र कुमार जयसवाल उर्फ सैलू जयसवाल (उम्र लगभग 50 वर्ष) की बुधवार को अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। इससे पहले इसी परिवार के मकरी गांव निवासी नागेंद्र कुमार जयसवाल (उम्र लगभग 55 वर्ष) की भी हृदय गति रुकने से मृत्यु हो चुकी है। लगातार हुई इन दो असामयिक मौतों से परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, सैलेंद्र कुमार जयसवाल बुधवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे प्रतिदिन की तरह बिंधमगंज कोन मोड़ के पास पूर्णिमा नामक यात्री बस को बुक कर रहे थे। उसी दौरान अचानक उन्हें तेज झटका महसूस हुआ और उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें तत्काल बिलासपुर लाए और स्थिति गंभीर होने पर वाराणसी ले जाने का निर्णय लिया, लेकिन दूधी पहुंचने से पहले ही उनकी मृत्यु हो गई। उनके निधन की खबर मिलते ही बिलासपुर बाजार स्थित आवास पर लोगों का तांता लग गया और सैकड़ों की भीड़ शोक व्यक्त करने पहुंची।
उधर, मात्र पांच दिन पहले इसी परिवार के नागेंद्र कुमार जयसवाल का भी हृदय गति रुकने से निधन हुआ था। एक ही परिवार में लगातार दो मौतों से लोग मर्माहत हैं और इसकी क्षेत्र में लगातार चर्चा हो रही है। मृतक सैलेंद्र कुमार जयसवाल का इकलौता पुत्र बिलासपुर बाजार में किराना सामान का थोक व्यवसाय करता है।
शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में मुख्य रूप से बीरबल मुखिया, इंद्रजीत कुशवाहा, पूर्व जिप सदस्य नंद गोपाल यादव, डॉ. बिनोद कुमार, रामचंद्र साह, बिनोद गुप्ता, ब्रजेश कुमार राय, अरविंद कुमार गुप्ता, डब्लू जयसवाल, बबलू जयसवाल, लालबहादुर कुशवाहा, सोनू मौर्य, उदय कुशवाहा, नंदू कुशवाहा, बिलासपुर मुखिया प्रतिनिधि राजू प्रसाद यादव, प्रमुख अजय शाह, तथा बंसीधर नगर प्रमुख प्रतिनिधि रविंद्र पासवान सहित कई लोग शामिल थे।

