नई दिल्ली (Who is Rameez Khan). बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में महागठबंधन को मिली करारी हार के बाद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के भीतर और लालू परिवार में चल रही अंदरूनी खींचतान सार्वजनिक हो गई. यह विवाद तब चरम पर पहुंच गया, जब लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर राजनीति छोड़ने और परिवार से नाता तोड़ने की घोषणा कर दी. अपने इस सनसनीखेज पोस्ट में रोहिणी ने सीधे तौर पर तेजस्वी यादव के 2 करीबी सहयोगियों- संजय यादव और रमीज खान का नाम लिया है.
रोहिणी आचार्य ने दावा किया कि उन्हीं के कहने पर उन्होंने यह कदम उठाया है. इस विस्फोटक बयान ने बिहार के राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी और पूरे देश का ध्यान इन दोनों शख्सियतों की तरफ खींच लिया. इन दोनों रणनीतिकारों का बैकग्राउंड और शैक्षणिक योग्यता चर्चा का विषय बन गई है. संजय यादव और रमीज तेजस्वी यादव की राजनीतिक टीम के सबसे प्रभावशाली चेहरों में गिने जाते हैं. ये दोनों सलाहकार पर्दे के पीछे रहकर चुनावी रणनीति बनाने, डेटा एनालिसिस करने और कैंपेन मैनेजमेंट का काम संभालते हैं.
रमीज नेमत खान: एमबीए के साथ पॉलिटिकल साइंस का ज्ञान
रमीज खान का पूरा नाम रमीज नेमत खान है. वह तेजस्वी यादव की युवा टीम का हिस्सा हैं. रमीज खान ने मथुरा रोड स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल से पढ़ाई की है. इसके बाद पॉलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन किया. फिर जामिया मिलिया इस्लामिया से एमबीए की डिग्री भी हासिल की. पॉलिटिकल साइंस और एमबीए जैसी डिग्रियों से उन्हें राजनीतिक समझ के साथ-साथ मैनेजमेंट और प्रमोशन एक्टिविटीज में दक्षता मिली. रमीज तेजस्वी के पुराने मित्र माने जाते हैं. वह चुनाव प्रचार, रूटीन मैनेजमेंट और ऑर्गेनाइजेशनल फंक्शंस में उनकी मदद करते हैं.
एजुकेशनल फैमिली से नाता
रमीज खान के पिता जामिया में सोशल वर्क के प्रोफेसर हैं और मां जामिया स्कूल में टीजीटी शिक्षिका हैं. लेकिन रमीज की पढ़ाई में खास रुचि नहीं थी. उनके पिता ने उन पर कभी पढ़ाई का दबाव नहीं डाला, जिससे रमीज को करियर चुनने की स्वतंत्रता मिली. रमीज खान ने 12 साल की उम्र से क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था. दिल्ली के लिए अंडर-19 स्तर तक खेलने के बाद रमीज झारखंड चले गए थे. 2008-09 में वह झारखंड राज्य की अंडर-22 टीम के कप्तान बने और उसी साल रणजी टीम के सदस्य भी रहे.
क्रिकेट और पढ़ाई में बैलेंस
क्रिकेट में व्यस्त रहने के बावजूद रमीज खान ने जामिया से पॉलिटिकल साइंस में 55 प्रतिशत अंकों के साथ बीए की डिग्री हासिल की. इसके बाद जामिया इस्लामिया के एमबीए कॉलेज से मैनेजमेंट की डिग्री भी ली. जामिया की वेबसाइट पर रमीज खान के नाम से टेस्टिमोनियल है. उस पर लिखा है कि रमीज खान स्पोर्ट्समैन के लिए शून्य प्रतिशत उपस्थिति (Zero Percent Attendance) के प्रावधान के लिए जामिया के आभारी हैं. इससे उन्हें क्रिकेट और पढ़ाई के बीच बैलेंस बनाने में मदद मिली.
राजनीति में हैं पत्नी और ससुर भी
तेजस्वी यादव के करीबी सहयोगी रमीज नेमत खान पूर्व सांसद रिजवान जहीर के दामाद हैं, जो बलरामपुर लोकसभा सीट से 2 बार सांसद रह चुके हैं. रिजवान जहीर समाजवादी पार्टी और बसपा, दोनों के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं. वह यूपी में सबसे कम उम्र के विधायक भी रहे थे. रमीज की पत्नी जेबा रिजवान है भी राजनीति में सक्रिय रही हैं. जेबा रिजवान ने तुलसीपुर सीट से 2 बार चुनाव लड़ा था, एक बार कांग्रेस के टिकट पर और एक बार निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में, जब वह जेल में थीं.
Who is Sanjay Yadav: संजय यादव कौन हैं?
रोहिणी आचार्य के ट्वीट में संजय यादव का नाम भी है. वह मूल रूप से हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले से हैं. उन्हें एक ऐसे मॉडर्न राजनीतिक रणनीतिकार के रूप में जाना जाता है, जो चुनावी अभियान को तकनीक और डेटा-आधारित मैनेजमेंट पद्धतियों के साथ जोड़ते हैं. संजय यादव ने कंप्यूटर साइंस में उच्च शिक्षा प्राप्त की है. इसके बाद उन्होंने मैनेजमेंट की भी पढ़ाई की. वे लंबे समय से तेजस्वी यादव के मुख्य सलाहकार रहे हैं और उनकी राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं.

