सगमा (गढ़वा)। प्रखंड अंतर्गत लोलकी गांव स्थित जय मां दुर्गा पूजा समिति लोलकी देवी धाम परिसर में सोमवार को समाजसेवी सह 81 भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रत्याशी दीपक प्रताप देव ने रामायण सीरियल का उद्घाटन किया। उन्होंने फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने मुख्य अतिथि दीपक प्रताप देव को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दीपक प्रताप देव ने कहा कि रामायण सीरियल के माध्यम से लोगों को भगवान श्रीराम के आदर्शों और उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। भगवान श्रीराम के बताए मार्ग पर चलकर समाज में प्रेम, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को मजबूत किया जा सकता है।
उन्होंने लोगों से रामायण देखकर उससे सीख लेने और अपने जीवन में अच्छे संस्कार अपनाने की अपील की। इस दौरान दीपक प्रताप देव ने कहा कि उन्होंने वर्ष 2029 के विधानसभा चुनाव से पहले प्रत्येक गांव में सड़क निर्माण कराने और चापाकल उपलब्ध कराने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि यदि वह चुनाव से पहले अपना वादा पूरा नहीं कर पाए, तो नामांकन नहीं करेंगे। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर उन्हें याद करें। वह हरसंभव मदद के लिए तैयार रहेंगे। इस अवसर पर उन्होंने जय मां दुर्गा पूजा समिति को सहयोग राशि भी प्रदान की। मौके पर समिति के अध्यक्ष अर्जुन कुमार, कोषाध्यक्ष सोनू पांडे, उपसचिव आलोक कुमार, अजीत कुमार यादव, धनेश्वर यादव, बिनोद परहिया, मुखदेव कुमार, राजू कुमार, चंदन कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

