केतार(गढ़वा):प्रखंड क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव में शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर आध्यात्मिक उल्लास का माहौल देखने को मिल रहा है।नवरात्र के प्रथम दिन से लेकर विजयादशमी तक गांव में आचार्य श्री सौरभ भारद्वाज जी महाराज के मुखारबिंद से दिव्य प्रवचन सह संगीतमय कथा का भव्य आयोजन किया गया है। इस धार्मिक अनुष्ठान के शुरू होने के साथ ही पूरा क्षेत्र पूरी तरह भक्तिमय हो जाएगा।आयोजन समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह कोषाध्यक्ष दिलकिशोर प्रसाद ने बताया कि आचार्य सौरभ भारद्वाज जी अपने अनूठे और ओजस्वी अंदाज में मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की महिमा, पौराणिक कथाओं और जीवन दर्शन पर प्रकाश डालेंगे।उनकी मधुर वाणी और ज्ञानवर्धक प्रवचन को सुनने के लिए न सिर्फ मुकुंदपुर बल्कि आसपास के दर्जनों गांवों से भी भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।कार्यक्रम को लेकर गांव में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों ने मिलकर पंडाल की सजावट, रोशनी और बैठने की व्यापक व्यवस्था करने को लेकर युद्ध स्तर पर सक्रिय है। ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

