कांडी(गढ़वा):उप विकास आयुक्त (डीडीसी) प्रेमलता मुर्मू ने बुधवार को कांडी प्रखंड कार्यालय पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रखंड कार्यालय में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की जानकारी ली तथा प्रखंड एवं अंचल कर्मियों की उपस्थिति का जायजा लिया। डीडीसी ने मनरेगा के बीपीओ, प्रधानमंत्री आवास योजना के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर समेत अन्य कर्मियों से प्रखंड में संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। इसके बाद डीडीसी राणाडीह पंचायत पहुंचीं, जहां उन्होंने 15वें वित्त आयोग सहित अन्य योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने योजनाओं के चयन के दौरान उनकी उपयोगिता को विशेष महत्व देने की बात कही। उन्होंने कहा कि ऐसी योजनाओं का चयन किया जाना चाहिए, जिससे ग्रामीणों को वास्तविक रूप से लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान भंडरिया गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का भी जायजा लिया गया। आंगनबाड़ी केंद्र का भवन निर्माण होने के बावजूद नवनिर्मित भवन से केंद्र का संचालन नहीं होने की जानकारी डीडीसी ने ली।
उन्होंने कहा कि यदि नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र संबंधित पोषण क्षेत्र में आता है, तो उसी भवन में केंद्र का संचालन किया जाना चाहिए। क्षेत्र भ्रमण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी, बीपीओ कमलेश, 15वें वित्त के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर उमंग पांडेय, प्रधानमंत्री आवास के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर शुभम कुमार, मनरेगा लेखापाल धीरज, राणाडीह के रोजगार सेवक मानस सहित अन्य कर्मी मौजूद थे। डीडीसी प्रेमलता मुर्मू ने कांडी प्रखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित कर्मियों से अभियान की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में डीडीसी मोहम्मदगंज बराज भी पहुंचीं और वहां की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को किसी भी परिस्थिति में लापरवाही नहीं बरतने तथा हर स्तर पर सतर्कता बनाए रखने का निर्देश दिया।
कांडी पहुंचीं डीडीसी प्रेमलता मुर्मू, विकास योजनाओं का लिया जायजा

