मंझिआँव (बरडीहा): आजीविका महिला संकुल स्तरीय प्राथमिक स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड की वार्षिक आमसभा (AGM 2025-26) बुधवार को बरडीहा पंचायत के समीप आवास परिसर में हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने महिला सशक्तीकरण, नशामुक्ति और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता पर जोर दिया।बीडीओ ने कहा कि जानकारी, जागरूकता और आर्थिक स्वावलंबन ही महिला सशक्तीकरण की मजबूत नींव है। महिलाओं को सरकारी योजनाओं और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से मिलने वाली सहायता का उपयोग आजीविका एवं स्वरोजगार बढ़ाने में करना चाहिए। उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी लेने तथा दूसरी महिलाओं को भी जागरूक करने की अपील की।डायन प्रथा को सामाजिक कुरीति और अंधविश्वास बताते हुए उन्होंने इसके खिलाफ गांव-गांव जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। नशामुक्ति पर उन्होंने कहा कि प्रशासन प्रयास करेगा, लेकिन परिवार और समाज को नशे से मुक्त कराने में माताओं और बहनों की भूमिका अहम है।साथ ही उन्होंने महिला जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व को भी महत्वपूर्ण बताया। वहीं मौके पर जिला परिषद सदस्य अर्चना प्रकाश, प्रखंड उप प्रमुख सत्येंद्र पासवान, सामाजिक कार्यकर्ता पुष्प रंजन, लाला सिंह सहित जेएसएलपीएस की टीम व बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थीं।

