सगमा (गढ़वा)। अपराध नियंत्रण अभियान के तहत धुरकी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करीब दस वर्षों से फरार चल रहे दो लाल वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में उपस्थापन के लिए भेज दिया। गिरफ्तार वारंटियों की पहचान हमीद अंसारी (59 वर्ष), पिता सुलेमान अंसारी, ग्राम करवापहाड़ तथा रामनाथ सिंह, पिता स्वर्गीय पुरान सिंह, ग्राम करवापहाड़, थाना धुरकी के रूप में हुई है।इस संबंध में जानकारी देते हुए धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राऊत ने बताया कि दोनों वारंटी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे और पुलिस के भय से लगातार फरार चल रहे थे। अपराध नियंत्रण अभियान के दौरान पुलिस टीम ने दोनों की गिरफ्तारी कर उन्हें पुलिस अभिरक्षा में न्यायालय भेज दिया।थाना प्रभारी ने बताया कि थाना क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण और फरार आरोपियों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने फरार अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग कानून से बचने के लिए भाग रहे हैं, वे स्वयं थाना या न्यायालय में आकर सरेंडर करें। अन्यथा पुलिस की निगाह से कोई भी अपराधी बच नहीं पाएगा।उन्होंने कहा कि धुरकी थाना क्षेत्र को अपराध मुक्त बनाना पुलिस की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से लगातार कार्रवाई की जा रही है। अपराध नियंत्रण अभियान आगे भी जारी रहेगा और फरार चल रहे अपराधियों तथा वारंटियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

