श्री बंशीधर नगर : श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां शनिवार की शाम में असामाजिक तत्वों के समूह द्वारा एक एसटी महिला को डायन कहकर कथित रूप से मारपीट एवं ख़ौलता हुआ गर्म पानी डालकर प्रताड़ित करने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित महिला को अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिये अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में इलाजरत पीड़िता विशुन देव उरांव की पत्नी दिलवसिया देवी ने पुलिस को बताया कि गांव के ही उसके गोतिया लोग उसे लंबे समय से डायन कहकर प्रताड़ित करते थे। शनिवार की शाम कथित तौर पर बिहारी उरांव, उनकी पत्नी शारदा देवी, बसंत उरांव, लालमोहन उरांव और उनकी पत्नी ने उसके साथ विवाद किया और उस पर खोलता हुआ गर्म पानी डाल दिया। पीड़िता के अनुसार गर्म पानी शरीर पर पड़ते ही वह दर्द से तड़पने लगी। इसके बाद किसी तरह वहां से भागकर सड़क की ओर पहुंची। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को इलाज के लिये तत्काल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके गोतिया लोग ही उसे डायन बताकर लगातार परेशान करते हैं। घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुट गई है। इस संबंध में थाना प्रभारी उपेन्द्र कुमार ने कहा कि मामला बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में दोषी पाये जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी।

