विशुनपुरा (गढ़वा) :विशुनपुरा सावन माह के प्रथम सोमवार को विशुनपुरा प्रखंड भगवान भोलेनाथ की भक्ति में पूरी तरह सराबोर रहा। सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब प्रखंड के प्रमुख विष्णु मंदिर शिवालय, नर्ममादेश्वर मंदिर कोचेया, बांकी नदी तट हरबसवा शिव मंदिर सहित विभिन्न गांवों के शिवालयों में उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, शांति और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।सावन के पहले सोमवार को मंदिर परिसरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। महिलाएं, पुरुष, युवा एवं बच्चे पारंपरिक वेशभूषा में बड़ी संख्या में पूजा-अर्चना में शामिल हुए। दिनभर मंदिरों में रुद्राभिषेक, शिव आरती और भजन-कीर्तन का आयोजन होता रहा। हर-हर महादेव और बोल बम के गगनभेदी जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।श्रद्धालुओं की सुविधा एवं शांतिपूर्ण दर्शन-पूजन को लेकर मंदिर समिति पूरे दिन सक्रिय रहे। सावन के पहले सोमवार पर उमड़ी श्रद्धा और उत्साह ने पूरे विशुनपुरा प्रखंड को शिवमय बना दिया।

