सगमा(गढ़वा):खरीफ मौसम के बीच सगमा प्रखंड के किसानों को खाद और बीज की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। प्रखंड के किसी भी पैक्स (PACS) में अब तक खाद और बीज की आपूर्ति नहीं होने से किसान परेशान हैं। सरकारी व्यवस्था से खाद नहीं मिलने के कारण किसानों को मजबूरी में निजी दुकानों से अधिक कीमत पर खाद और बीज खरीदना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि समय पर बारिश होने के साथ ही खेती का कार्य तेज हो गया है, लेकिन पैक्स में खाद और बीज उपलब्ध नहीं होने से खेती प्रभावित हो रही है। कई किसान प्रतिदिन पैक्स का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। इससे किसानों की लागत बढ़ गई है और आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है। स्थानीय किसानों ने बताया कि यदि जल्द ही पैक्स में डीएपी, यूरिया तथा अन्य आवश्यक उर्वरकों और बीजों की आपूर्ति नहीं की गई, तो खरीफ फसलों की बुवाई प्रभावित हो सकती है। किसानों ने प्रशासन से अविलंब खाद-बीज उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि खेती का कार्य समय पर पूरा हो सके। प्रखंड के किसानों का कहना है कि सरकार किसानों को सहकारी समितियों के माध्यम से उचित दर पर खाद और बीज उपलब्ध कराने का दावा करती है, लेकिन सगमा में इसका लाभ किसानों को नहीं मिल पा रहा है। किसानों ने जिला प्रशासन और कृषि विभाग से तत्काल हस्तक्षेप कर पैक्स में खाद और बीज की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग की।

