रंका(गढ़वा):अनुमंडल अंतर्गत चिनियां थाना क्षेत्र के ग्राम – पाल्हे निवासी रामबृक्ष कोरवा के पुत्र गोला कोरवा ( 50 वर्ष) की हत्याकांड मामले का खुलासा पुलिस ने कर ली है। हत्याकांड में संलिप्त मृतक गोला कोरवा के भाई नारायण कोरवा और पत्नी संकल्पतिया देवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर गढ़वा जेल भेज दिया है। इसके संबंध में रंंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोहित रंजन सिंह ने मिडिया को बताया कि 11 जुलाई 2026 को ग्राम पाल्हे स्थित पत्थरपनियां जंगल में गोला कोरवा पिता रामबृक्ष कोरवा का शव गले में गमछा बांधकर पेड़ से लटका हुआ संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ था। घटना के संबंध में मृतक के परिजनों द्वारा हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने की आशंका व्यक्त की गई थी। इस संबंध में मृतक के पुत्र अजय कोरवा के लिखित आवेदन के आधार पर चिनियां थाना कांड संख्या – 26/26 दिनांक – 12/7/2026 प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। अनुसंधान के क्रम में मृतक के भाई नारायण कोरवा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि उसे अपने भाई के पत्नी संकल्पतिया देवी के साथ अवैध संबंध था। घटना के दिन गोला कोरवा ने दोनों को जंगल में एक साथ देख लिया था। इसके बाद दोनों ने मिलकर गोला कोरवा की हत्या कर दी तथा घटना को आत्महत्या का रूप देने और साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को गमछे में बांध कर पेड़ से लटका दिया। अनुसंधान के दौरान मृतक की पत्नी संकल्पतिया देवी पति गोला कोरवा ग्राम-पाल्हे, थाना- चिनियां जिला- गढ़वा को गिरफ्तार किया गया, जिसने पूछताछ में घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।इस संबंध में नारायण कोरवा पिता रामबृक्ष कोरवा एवं संकल्पतिया देवी पति गोला कोरवा दोनों निवासी ग्राम – पाल्हे, थाना – चिनियां, जिला – गढ़वा के विरुद्ध विधिसम्मत कार्यवाई की जा रही है। कांड का अनुसंधान जारी है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस छापामारी दल का नेतृत्व रंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रोहित रंजन सिंह ने किया जबकि अंचल निरीक्षक रंका अभिजीत गौतम, थाना प्रभारी चिनियां सह अनुसंधानकर्ता बिकू कुमार रजक, एएसआई सुखराम उरांव एवं ओमप्रकाश तथा थाना सशस्त्र बल शामिल थे।

