सगमा (गढ़वा)। भाकपा माले के तत्वावधान में शुक्रवार को सगमा प्रखंड मुख्यालय परिसर में 15 सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सभा को संबोधित करते हुए जिला कमेटी सदस्य कामेश्वर विश्वकर्मा ने कहा कि सगमा प्रखंड अत्यंत गरीब एवं पिछड़ा क्षेत्र है, जहां गरीबों की जमीन पर कब्जा, सरकारी योजनाओं में अनियमितता और विकास कार्यों में भ्रष्टाचार गंभीर समस्या बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों के हक पर बिचौलियों का कब्जा है और सरकारी राशि का दुरुपयोग हो रहा है। धरना के बाद कार्यकर्ताओं ने महामहिम राज्यपाल के नाम 15 सूत्रीय मांग पत्र प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को सौंपा। मांगों में पुतूर-दुसैया क्षेत्र की कथित रूप से हड़पी गई जमीन वापस कराने, अबुआ आवास एवं कूप निर्माण योजनाओं में हो रही अनियमितताओं पर रोक लगाने, मनरेगा के तहत 200 दिनों का रोजगार तथा 600 रुपये प्रतिदिन मजदूरी सुनिश्चित करने सहित अन्य जनहित से जुड़े मुद्दे शामिल हैं। धरना-प्रदर्शन में दिलीप गुप्ता, कर्मदेव सिंह, रामचंद्र उरांव, सुनेश्वर यादव, गजन बैठा, नथु राम, सुरेश राम सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

