सगमा (गढ़वा): प्रखंड क्षेत्र में लंबे इंतजार के बाद सोमवार देर शाम तेज आंधी-तूफान के साथ हुई जोरदार बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। कई दिनों से मानसून की बेरुखी के कारण किसान चिंतित थे, लेकिन पहली अच्छी बारिश ने खेती-किसानी को नई उम्मीद दी है। गौरतलब है कि खेती के लिए महत्वपूर्ण माने जाने वाले आद्रा नक्षत्र का आधा समय बीत जाने के बावजूद क्षेत्र में बारिश नहीं हुई थी। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई थी और भदई फसल की बुआई प्रभावित हो रही थी। सोमवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं, बादलों की गर्जना तथा मूसलाधार बारिश से खेतों में पानी भर गया। बारिश के बाद किसान खेतों की ओर रुख करने लगे हैं। वहीं, खाद और बीज की दुकानों पर भी अचानक भीड़ बढ़ गई है। इस बारिश से खेती-किसानी से जुड़े लोग पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं और बेहतर फसल उत्पादन की उम्मीद जता रहे हैं।

