
सगमा( गढ़वा):सगमा प्रखंड की ग्राम पंचायत सगमा में आंगनबाड़ी भवन के समीप पिछले करीब 20 दिनों से ट्रांसफार्मर खराब पड़ा है। ट्रांसफार्मर खराब होने से ग्रामीणों को लगातार बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी गहराती जा रही है।ग्रामीणों के अनुसार ट्रांसफार्मर खराब होने की जानकारी विभाग को कई बार दी गई। समस्या के समाधान के लिए लिखित आवेदन भी सौंपा गया, बावजूद इसके अब तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। ग्रामीणों का कहना है कि 20 दिन गुजर जाने के बाद भी विभाग की ओर से बिजली बहाल करने को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।बिजली संकट के कारण बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कामकाज और अन्य जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि सरकार की ओर से खराब ट्रांसफार्मर को समय पर बदलने का प्रावधान है, लेकिन सगमा में यह व्यवस्था धरातल पर बेअसर नजर आ रही है। ग्रामीणों ने तत्काल 100 केवी क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है।ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र बिजली व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो वे विभागीय अधिकारियों के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे। मौके पर राजेश कुमार यादव, किराणी पासवान, विजय पासवान, लालबहादुर यादव, सुरेंद्र यादव, रविरंजन यादव, देवचंद यादव, रामप्रवेश यादव, अजय पासवान, घूरन यादव, राजू यादव, चंदेश यादव, अमित यादव, चंद्रदेव पासवान, रघुनाथ पासवान समेत काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

