भंडारिया-गोदरमाना मुख्य मार्ग स्थित सरइडीह गांव के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल से गिरकर एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को तत्काल भंडारिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।मिली जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ राज्य के रामानुजगंज निवासी सुदन राम की 43 वर्षीय पत्नी जमुनी देवी मोटरसाइकिल से यात्रा कर रही थीं। इसी दौरान सरइडीह गांव के पास अचानक असंतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिर गईं, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।वहीं इस दुर्घटना में दो अन्य लोग भी घायल हो गए हैं। घायलों में रामचंद्रपुर (छत्तीसगढ़) निवासी द्वारिका राम की 40 वर्षीय पत्नी शकुंतला देवी तथा भंडरिया थाना क्षेत्र के जोनहीखाड़ गांव निवासी जेठु सिंह के पुत्र शामिल हैं। दोनों का इलाज भंडरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

