केतार(गढ़वा):पीएम श्री राजकीय मध्य विद्यालय में मंगलवार का दिन लोकतंत्र के नाम रहा।यहां बच्चों ने वोट डालकर अपनी ‘बाल संसद’ चुन ली और स्कूल में मिनी सरकार बना डाली।चुनावी माहौल के बीच चुनाव की तरह पूरी प्रक्रिया अपनाई गई।छात्र- छात्राओं ने लाइन में लगकर वोट डाले और अपने पसंदीदा नेताओं को चुना।नतीजे आते ही स्कूल में जश्न का माहौल बन गया। मतगणना के बाद सोनाली कुमारी ने बाजी मारते हुए बाल संसद की प्रधानमंत्री का पद हासिल किया। पुष्पा कुमारी को उप प्रधानमंत्री बनाया गया,जबकि राकेश कुमार ठाकुर अध्यक्ष चुने गए।सिर्फ इतना ही नहीं,बच्चों ने 60 सदस्यों की पूरी कैबिनेट बना डाली। इसमें शिक्षा मंत्री कृतिका कुमारी को बनाया गया,बागवानी मंत्री, पोषण मंत्री,सुरक्षा मंत्री,सांस्कृतिक मंत्री जैसे विभाग बांटे गए।अब मिड-डे मील से लेकर स्कूल की साफ- सफाई तक,हर काम की जिम्मेदारी नन्हे मंत्रियों के पास है।
मकसद: पुस्तक से निकलकर प्रैक्टिकल में लोकतंत्र
प्रधानाध्यापक देवेंद्र कुमार ने बताया, “हम चाहते हैं कि बच्चे सिर्फ किताबों में लोकतंत्र न पढ़ें, बल्कि उसे जिएं। वोट देना, जिम्मेदारी लेना, टीम में काम करना – ये सब बच्चे अभी से सीखेंगे तो कल के अच्छे नागरिक बनेंगे।कार्यक्रम में शिक्षक प्रेम कुमार गुप्ता, संतोष कुमार, सुधा कुमारी, अजय कुमार, मिथिलेश कुमार सहित सभी शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। फिलहाल स्कूल में नए ‘प्रधानमंत्री’ और उनकी ‘कैबिनेट’ को बधाइयों का दौर जारी है। अब देखना ये है कि नन्हे मंत्री अपने विभाग कैसे संभालते हैं।

