सगमा(गढ़वा): छठ महापर्व को लेकर प्रखण्ड क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में प्रखण्ड प्रमुख अजय शाह के नेतृत्व में छठ घाटों पर व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। प्रखण्ड क्षेत्र के बीरबल गांव स्थित प्रसिद्ध सूर्य मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए और श्रमदान के माध्यम से सफाई कार्य को सफल बनाया।
करीब डेढ़ सौ ग्रामीण ट्रैक्टरों के साथ पहुंचे और मंदिर के समीप बहने वाली मालिया नदी के किनारे स्थित छठ घाट की सफाई की। इस दौरान मुख्य मार्ग से मंदिर परिसर तक पहुंच पथ का जीर्णोद्धार भी किया गया, जिससे छठ व्रतियों को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
सूर्य मंदिर ट्रस्ट के संरक्षक सह प्रखण्ड प्रमुख अजय शाह एवं सचिव श्रीकांत कुमार ने बताया कि चैती छठ और रामनवमी को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर एवं घाटों की साफ-सफाई की जा रही है। मुख्य पथ के समीप स्वागत द्वार का निर्माण भी कराया गया है। श्रद्धालुओं और व्रतधारियों के लिए हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 24 मार्च को छठ व्रत के दिन पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा तथा स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इस अभियान में सीताराम रवानी, भोला साह, गोपाल विश्वकर्मा समेत कई ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

