भवनाथपुर विधानसभा के पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही ने वर्तमान विधायक अनंत प्रताप देव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि गढ़वा के विधायक सतेंद्रनाथ तिवारी पर बयान देने से पहले राजा साहब को अपने दामन पर भी नजर डालनी चाहिए। शाही ने याद दिलाया कि वर्ष 2012 में उनके गढ़ में CBI ने छापा मारा था, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में हुई थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्यसभा चुनाव के दौरान पैसे लेकर बालमुचू की जगह प्रवीण सिंह को वोट देने का काम आपने ही किया था। बाद में सफाई देते हुए आपने कहा था कि चश्मा छूट गया था। भानु प्रताप शाही ने कहा कि जनता सब जानती है और ऐसे बयानों से पहले थोड़ी शर्म और आत्ममंथन जरूरी है। उन्होंने कहा कि दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने राजनीतिक आचरण पर भी नजर डालनी चाहिए।

