श्री बंशीधर नगर : वाहन में लाल ब्लू लाईट लगाकर वाहन चलाना युवक को महंगा पड़ गया। पुलिस ने मंगलवार की शाम वाहन जांच के दौरान महिंद्रा थार को जब्त कर लिया है। साथ ही बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाये जा रहे पांच बाईक को भी जब्त कर लिया है। जब्त किया गया उक्त थार श्री बंशीधर नगर के व्यवसायी ऋतिक जायसवाल का बताया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक वाहनों में लाल ब्लू लाईट लगाकर वाहन चलाये जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस के द्वारा थाना के सामने वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। जांच के दौरान महिंद्रा थार में लाल ब्लू लाईट लगाकर वाहन चलाते पकड़ा गया। पुलिस ने उक्त वाहन को जब्त कर लिया। साथ ही अग्रेतर कार्रवाई के लिये परिवहन विभाग को भेज दिया है।
पुलिस ने बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाये जाने के आरोप में पांच बाईक को भी जब्त कर लिया है। थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने कहा कि वाहन में लाल ब्लू लाईट लगाकर वाहन चलाना कानूनन जुर्म है। उन्होंने वाहन चालकों से अपने वाहन में लाल ब्लू लाईट नहीं लगाने की अपील की है।

