
धुरकी (गढ़वा):प्रखंड के रक्सी पंचायत के उप मुखिया संजय यादव को उपायुक्त के आदेश के बाद मुखिया का पदभार सौंप दिया गया है। उन्हें वित्तीय शक्तियों सहित मुखिया के सभी वैधानिक अधिकार प्राप्त होंगे। मिली जानकारी के अनुसार, पंचायत की तत्कालीन मुखिया अंजू देवी, पति सत्यनारायण बैठा को उपायुक्त के आदेश पर निलंबित कर दिया गया है। निलंबन के बाद पंचायत के कार्यों के सुचारू संचालन के लिए उप मुखिया संजय यादव को मुखिया की जिम्मेदारी दी गई है। इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी अनुरंजन झा ने प्रखंड कार्यालय में संजय यादव को मुखिया का पदभार सौंपा। पदभार मिलने के साथ ही उन्हें पंचायत से संबंधित आवश्यक कार्यों के निष्पादन तथा वित्तीय शक्तियों सहित सभी वैधानिक अधिकारों का उपयोग करने की जिम्मेदारी मिली है। इस बदलाव के बाद अब रक्सी पंचायत के विकास कार्यों और प्रशासनिक गतिविधियों का संचालन संजय यादव के नेतृत्व में किया जाएगा।

